सृष्टि कंडारी केस में पुलिस का एक्शन, पति-ननद गिरफ्तार, अंधविश्वास एंगल की भी जांच

देहरादून: उत्तराखंड की सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है, जबकि सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि सृष्टि कंडारी ने अपनी मौत से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने कथित रूप से ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया था। वीडियो में उन्होंने विशेष रूप से अपने पति और ननद पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
एसएसपी के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और साक्ष्यों के आधार पर पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सास की भूमिका से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि जांच में अंधविश्वास के पहलू को भी शामिल किया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सृष्टि ने अपने वीडियो में यह भी उल्लेख किया था कि कुछ महीने पहले ससुर की मृत्यु के लिए भी उन्हें दोषी ठहराया जाता था और उन्हें कथित रूप से ‘मनहूस’ कहकर प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मृतका की मां सीमा कंडारी की शिकायत पर डोईवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। परिजनों ने सृष्टि की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रयास किया जाएगा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो ताकि न्यायिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके।




