उत्तराखंड में 28 मार्च को मनाया जाएगा ‘अर्थ ऑवर’, गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को (28 मार्च) ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। इस दौरान रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक सभी नागरिकों से गैर-जरूरी लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखने की अपील की गई है। राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अहम कदम उठाया है।
‘अर्थ ऑवर’ का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है। यह अभियान WWF-India (वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
क्या है ‘अर्थ ऑवर’?
‘अर्थ ऑवर’ एक वैश्विक पर्यावरणीय अभियान है, जिसमें जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है। इस दौरान लोग स्वेच्छा से एक घंटे के लिए गैर-जरूरी बिजली उपकरण बंद रखते हैं। आमतौर पर यह हर साल मार्च के अंतिम शनिवार को मनाया जाता है।
इस वैश्विक पहल की शुरुआत वर्ष 2007 में हुई थी। वर्ष 2026 का ‘अर्थ ऑवर’ विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह इस अभियान की 20वीं वर्षगांठ है।
लोगों से सहयोग की अपील
राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में बिजली का न्यूनतम उपयोग करें और इस वैश्विक पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में अचानक बदलाव, असामान्य तापमान और प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में ऊर्जा की बचत और संसाधनों का संतुलित उपयोग बेहद जरूरी हो गया है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही बिजली का इस्तेमाल करें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।




