Crime Newsउत्तराखण्डक्राइम

युवती से मारपीट कर फरार युवक ने खुद को गोली मारी, पुलिस जांच में जुटी

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल छीनकर फरार हुआ युवक कुछ ही देर बाद गोली लगने से मृत मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में एकतरफा प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी एक युवती जमालपुर क्षेत्र स्थित राम वाटिका में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रही है। युवती ने गैस प्लांट चौकी पहुंचकर शिकायत दी कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा जमालपुर चौक के पास मिला और विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। पुलिस टीम पीछा करते हुए बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची, जहां बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान में युवक का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने अपने पास मौजूद पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर ली है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवती से मारपीट, धमकी और युवक द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम के बीच संबंधों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button