देवप्रयाग-पौड़ी हादसे में उजड़ा पूरा परिवार, 5 की मौत; एक किशोर घायल

पौड़ी: उत्तराखंड में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, परिवार हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र का रहने वाला था और बोलेरो से हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रहा था। कुंडाधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब ढाई मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), गुफरान (34), शादाब (14) और तीन वर्षीय अनाविया की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अफजाल का 16 वर्षीय बेटा अरहाम गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे 108 एंबुलेंस से पहले स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग ले जाया गया, जहां से श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पौड़ी और टिहरी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खड़ी चढ़ाई और दुर्गम स्थान होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने खाई से सभी शवों को बाहर निकाला।
थाना देवप्रयाग के एसआई रविंद्र भंडारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। जिस स्थान पर वाहन सड़क से नीचे गिरा, वहां सड़क चौड़ी और पक्की है। प्रथमदृष्टया हादसे की वजह वाहन की तेज गति बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मजदूरी और ठेकेदारी का काम करता था परिवार
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार परिवार लक्सर के ग्राम रायपुर जीतपुर का रहने वाला था। परिवार के सदस्य ठेकेदारी, वेल्डिंग और मजदूरी से जुड़े काम करते थे। हादसे में एक साथ पांच लोगों की मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।




