उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में तूफान का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड मौसम अपडेट। उत्तराखंड में शनिवार को मौसम ने करवट ले ली। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छा गए हैं और कई जिलों में तेज हवा व तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ कुछ मैदानी इलाकों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि होने का भी अनुमान जताया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

उधर, शनिवार के तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button