डीएवी कॉलेज समारोह में अभद्र भाषा मामले में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी के डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में हरियाणवी गायक Masoom Sharma के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज किया गया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई तहरीर में प्रांचल नौनी ने बताया कि 11 अप्रैल को कॉलेज परिसर में आयोजित छात्रसंघ कार्यक्रम के दौरान गायक को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गायक ने सार्वजनिक मंच से सैकड़ों छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों के सामने बार-बार अभद्र एवं अश्लील भाषा का प्रयोग किया।
तहरीर में कहा गया है कि इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। घटना शैक्षणिक परिसर में होने के कारण कॉलेज और शहर की छवि प्रभावित होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य या गीत) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर थाना घेराव और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान की गई कथित अभद्र टिप्पणी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसको लेकर उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।




