उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित बस पलटी, एक की मौत, कई घायल

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खूपी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि सात से आठ यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही थी। खूपी के पास चालक ने एक टैक्सी को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी दोनों वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

एक की मौत, महिला की हालत गंभीर

पुलिस के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात-आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button