देहरादून में वेतन बढ़ोतरी को लेकर बवाल: 20 गिरफ्तार, 600 से अधिक पर मुकदमा

देहरादून: नोएडा के बाद अब देहरादून में भी वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रांसपोर्टनगर स्थित Windlas Biotech Limited के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
हड़ताल की आड़ में उपद्रव और पथराव के आरोपों के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, 600 से अधिक लोगों के खिलाफ पथराव और तोड़फोड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई Global Medikit Limited और Lightenium Technology Private Limited की तहरीर पर की गई।
पुलिस का दावा: कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पर श्रमिकों की आड़ में फैक्ट्री परिसर और पुलिस बल पर पथराव करने, माहौल बिगाड़ने और कर्मचारियों को भड़काने के आरोप हैं। सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित होकर कंपनियों और आसपास के मोहल्लों में जाकर कर्मचारियों को काम पर न जाने के लिए उकसा रहे थे और जबरन रोकने का प्रयास कर रहे थे।
थानाध्यक्ष लोकपाल परमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी शामिल हैं।
250 कर्मचारी पहुंचे प्रदर्शन में
रविवार की छुट्टी के बावजूद सुबह करीब 10 बजे लगभग 250 कर्मचारी कंपनी के बाहर इकट्ठा हुए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की गई।
कर्मचारी नेता दिनेश लाल ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं बढ़ाया गया है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने वेतन वृद्धि के साथ महिलाओं के लिए बस सुविधा, प्लांट में सीसीटीवी कैमरे, सप्ताह में एक अतिरिक्त अवकाश, टिफिन ले जाने की अनुमति और कैंटीन व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।
श्रमिकों ने प्रबंधन पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया।
आंदोलन को राजनीतिक समर्थन
Communist Party of India ने सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे श्रमिक आंदोलन को समर्थन दिया है और वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान तथा बेहतर कार्य स्थितियों की मांगों को जायज बताया है।
सिडकुल में धारा 163 लागू
सेलाकुई और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है। यह कदम जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उठाया गया।
वार्ता के बाद कुछ मांगों पर सहमति
मोहब्बेवाला स्थित Windlas Biotech Limited में श्रम विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच वार्ता हुई।
अपर श्रम आयुक्त अनिल पेटवाल और अन्य अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद ओवरटाइम भुगतान, महिलाओं के लिए परिवहन सुविधा और कार्यस्थल पर कैमरे बढ़ाने की मांगों पर प्रबंधन ने सहमति जताई है।
हालांकि वेतन वृद्धि के मुद्दे पर अंतिम निर्णय को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।




