उत्तराखण्ड

रुद्रपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म: सहेली के भाई और चाचा ने कोल्ड ड्रिंक में मिलाया नशा, होटल में चार लोगों ने की दरिंदगी

रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी सहेली के साथ वॉटर पार्क घूमने निकली एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को नशीला पदार्थ पिलाकर होटल के कमरे में सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का शिकार बनाया गया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की कड़ाई से जांच शुरू कर दी है।

रास्ते में घेरा, सहेली को अलग कर पीड़िता को बाइक पर बैठाया

शिकायत के अनुसार, सोमवार को पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ वॉटर पार्क जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में सहेली का मुंहबोला भाई अपने चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर मिला। आरोपियों ने शातिर चाल चलते हुए सहेली को ऑटो से आने को कहा और पीड़िता को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर वॉटर पार्क ले गए। सहेली वहां पहुंची या नहीं, पुलिस इस बिंदु पर भी गहराई से जांच कर रही है।

होटल के कमरे में वारदात, दो अन्य युवक भी पहुंचे

आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपी नाबालिग को एक स्थानीय होटल में ले गए। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। जब पीड़िता बेसुध हो गई, तो दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच कमरे में दो अन्य अज्ञात युवक भी पहुंच गए और उन्होंने भी किशोरी के साथ दरिंदगी की। मंगलवार सुबह होश आने पर पीड़िता ने किसी तरह एक राहगीर की मदद से अपने परिजनों को फोन किया, जिसके बाद परिजन उसे होटल से घर लेकर आए।

होटल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध, सीसीटीवी फुटेज कब्जे में

इस पूरे मामले में स्थानीय होटल प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बिना किसी वैध पहचान पत्र (आईडी) और कानूनी औपचारिकताओं के आरोपियों को कमरा कैसे आवंटित कर दिया गया। पुलिस टीम ने होटल के कमरों और लॉबी के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि बाद में आने वाले दो अन्य अज्ञात युवकों की शिनाख्त की जा सके।

मजिस्ट्रेट के सामने बयान आज, आरोपियों की तलाश तेज

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली में तैनात महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता के प्राथमिक बयान दर्ज कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आज कोर्ट में पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की फील्ड यूनिट और कई अन्य टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button