उत्तराखण्ड

केदारनाथ हेली सेवा के किराये पर यूकाडा का फैसला, फिलहाल नहीं बढ़ेंगे दाम

देहरादून: चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में 15 सितंबर से शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा के किराये में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए किराया नहीं बढ़ाए जाने से राहत की खबर है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से केदारनाथ हेली सेवा संचालित करने के लिए नौ कंपनियों के साथ अनुबंध किया था। इस दौरान अलग-अलग हेलीपैड से केदारनाथ आने-जाने के किराये में बदलाव किया गया था। फाटा हेलीपैड से केदारनाथ के किराये में बढ़ोतरी हुई, जबकि सिरसी हेलीपैड से किराया कम हुआ था।

निर्धारित किराये के अनुसार गुप्तकाशी से केदारनाथ आने-जाने का किराया 12,154 रुपये, फाटा से 9,680 रुपये और सिरसी से 6,086 रुपये तय किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में गुप्तकाशी से किराये में 290 रुपये और फाटा से 838 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ हेली सेवा का किराया पिछले वर्ष की तुलना में 2,753 रुपये कम हुआ है।

यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि 15 सितंबर से केदारनाथ हेली सेवा संचालित की जा रही है। इसके लिए 7 सितंबर से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग शुरू होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल केदारनाथ हेली सेवा के किराये में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button