उत्तराखण्ड

एलपीजी संकट के बीच देहरादून में बड़ी कार्रवाई, गैस एजेंसी पर मुकदमा; 854 सिलेंडर जब्त

देहरादून। एलपीजी संकट के बीच देहरादून जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाली एक गैस एजेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने शिमला बाईपास रोड स्थित शहीद हीरा गैस सर्विस (नया गांव पेलियो) के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए 854 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए हैं।

प्रशासन को शिकायत मिली थी कि गैस एजेंसी जिला प्रशासन के ‘होम डिलीवरी’ संबंधी आदेशों की अवहेलना कर रही है। आरोप है कि एजेंसी द्वारा सीधे गोदाम से गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा था, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। कानून व्यवस्था बिगड़ने की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

854 सिलेंडर किए गए जब्त

उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, तहसीलदार और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम क्यूआरटी के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि एजेंसी ट्रक के माध्यम से सीधे गोदाम में गैस का वितरण कर रही थी।

प्रशासनिक आदेशों के उल्लंघन पर प्रवर्तन दल ने हीरा गैस सर्विस के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मौके पर मौजूद सभी सिलेंडरों को जब्त कर जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 854 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

दो दिन में तीसरा मुकदमा

रसोई गैस की किल्लत के बीच मनमानी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। पिछले दो दिनों में यह तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले शनिवार को डोईवाला और वसंत विहार में भी मामले दर्ज किए गए थे। डोईवाला में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।

अमरदीप गैस एजेंसी पर हंगामा

जीएसएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी पर रविवार को तनाव की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर गोदाम पहुंच गए, लेकिन एजेंसी संचालकों ने प्रशासन के होम डिलीवरी नियमों का हवाला देते हुए गैस देने से मना कर दिया। इससे नाराज लोगों और कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

हंगामा बढ़ता देख एजेंसी प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया। बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौर ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया।

चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर लोग

शहर में गैस की कमी के कारण कई परिवारों को अब चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। लोग लकड़ी खरीदकर या जंगल से लाकर भोजन पका रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button