चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद, श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख पार; 60 लाख तक पहुंचने का अनुमान

चारधाम यात्रा अपडेट: चारधाम यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। 10 सितंबर तक चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। यात्रा नवंबर तक चलेगी और सरकार को उम्मीद है कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख तक पहुंच सकती है।
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद यात्रा पूरी तरह संचालित हुई। मानसून सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में कमी जरूर आई, लेकिन यात्रा निर्बाध रूप से चलती रही।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 10 सितंबर तक चारधाम यात्रा में 50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बीते वर्ष पूरे यात्रा काल में 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे। इस बार यात्रा नवंबर तक जारी रहने के कारण सरकार को श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।
हालांकि, यात्रा के दूसरे चरण में भूस्खलन जोन बड़ी चुनौती बन सकते हैं। ऋषिकेश से बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन की समस्या बनी हुई है। बदरीनाथ मार्ग पर कमेड़ा, पर्थाटीप, मैठाणा, बांजपुर, विरही, भनेरपानी और हाथी पहाड़ जैसे स्थानों पर भूस्खलन चुनौती बना हुआ है।
यात्रा के दूसरे चरण को देखते हुए सरकार की ओर से इन स्थानों पर मलबा हटाने के साथ अस्थायी कार्य शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, दीर्घकालीन कार्यों में समय लगने की बात कही गई है। 15 सितंबर के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या चुनौती बन सकती है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बहाल रहेंगे। जिन स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है, वहां काम शुरू किया गया है। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।




