उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; दून-मसूरी हाईवे पर बढ़ी चिंता

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। राजधानी देहरादून में गुरुवार को दिनभर धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई बार हल्की बारिश हुई, जबकि देर रात भी बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, शुक्रवार को उत्तराखंड के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। उधर, ऊधमसिंह नगर जिले में मौसम को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
दून में बढ़ा तापमान, कई क्षेत्रों में हुई बारिश
मौसम में लगातार बदलाव के बीच देहरादून के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने से लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ा।
देहरादून में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। वहीं जौलीग्रांट में 20.5 मिमी, जखोली में 14.5 मिमी, मालदेवता में 14 मिमी, जबकि ऋषिकेश और थलीसैंण में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दून-मसूरी हाईवे पर लगातार बढ़ रहे डेंजर जोन
बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर लगातार मलबा आने और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जगह-जगह सड़क का हिस्सा धंसने से नए डेंजर जोन बन रहे हैं। पहाड़ी से बार-बार मलबा आने के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
कुछ सप्ताह के भीतर इस मार्ग पर सड़क धंसने और भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 20 जुलाई को कोल्हूखेत के पास पानीवाला बैंड क्षेत्र में सड़क धंसने के साथ दरारें आई थीं। इसके बाद 22 जुलाई को इसी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गया था और पेड़ भी गिर गए थे।
विगत सप्ताह कुठालगेट के पास सड़क धंसने के बाद अब 19 अगस्त को पानीवाला बैंड के पास नया धंसाव चिंता बढ़ा रहा है। सड़क के धंसे हिस्से का तकनीकी आकलन करने के लिए टीमें काम कर रही हैं।
वाटर प्वाइंट बैंड के पास पुश्ता ढहा
मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार देर रात वाटर प्वाइंट बैंड से पहले सड़क का पुश्ता भी ढह गया। हालांकि इससे यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैरिकेडिंग कर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई।
जेई प्रदीप साही के मुताबिक, बारिश के कारण पुराना पुश्ता गिरा है। फिलहाल एक तरफ से यातायात सुचारु रखा गया है।




