देहरादून में मार्च 2027 से पहले अंडरग्राउंड होंगी बिजली की लाइनें, लाइनमैन की सुरक्षा के लिए भी नई व्यवस्था

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) शहरवासियों को बिजली के तारों की झंझट से राहत दिलाने की तैयारी कर रहा है। निगम ने देहरादून शहर की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए जहां पहले से काम चल रहा है, वहीं सड़कें खोदकर किए जा रहे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
इसके साथ ही यूपीसीएल ने फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। बिजली की लाइनों में काम करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब लाइनमैन को पोल पर चढ़ने से पहले वीडियो कॉल के माध्यम से जानकारी देनी होगी। काम पूरा करने के बाद पोल से नीचे उतरने की जानकारी भी वीडियो के माध्यम से देनी होगी। इसके बाद ही बिजली का शटडाउन वापस लिया जाएगा।
निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से छोटी-छोटी गलतियों और लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। कई बार बिजली की लाइन ठीक करने के दौरान लाइनमैन हादसों का शिकार हो जाते हैं। नई व्यवस्था के जरिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि कर्मचारी सुरक्षित तरीके से काम पूरा कर नीचे उतरने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।
यूपीसीएल ने कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर भी कई फैसले लिए हैं। निगम में स्टाफ स्ट्रक्चर को संशोधित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें कांट्रेक्चुअल व्यवस्था को खत्म कर नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है। स्टाफ स्ट्रक्चर में बदलाव से जुड़ा प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा जाएगा।
कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए निगम ने ‘वित्त, विधि और HR आपके द्वार’ की पहल शुरू करने की बात कही है। इसके तहत निगम खुद कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेगा। इसका लाभ कार्यरत कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी मिलेगा, ताकि उन्हें पेंशन और अन्य सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने बताया कि कर्मचारियों और अधिकारियों को समय पर प्रमोशन देने के लिए चयन प्रक्रिया को भी समयबद्ध किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों को निर्धारित समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सकेगा।
उन्होने बताया कि फील्ड स्तर पर काम करने वाले कांट्रेक्चुअल कर्मचारियों के इंश्योरेंस के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। निगम की कोशिश है कि सभी कर्मचारियों को बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं, देहरादून में बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम पहले से जारी है। निगम का लक्ष्य अब इसे मार्च 2027 से पहले पूरा करना है। जिन स्थानों पर काम के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां काम जल्द पूरा कर सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी जोर दिया जा रहा है।




