लगातार बारिश से केदारनाथ यात्रा प्रभावित, 5 हजार से अधिक हेली टिकट रद्द, श्रद्धालुओं की बढ़ीं मुश्किलें

रुद्रप्रयाग: केदारघाटी में लगातार हो रही बारिश ने विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा को प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम के कारण जहां हेली सेवाएं लगातार बाधित हो रही हैं, वहीं केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी श्रद्धालुओं को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश, फिसलन और कड़ाके की ठंड के बीच यात्रा करना यात्रियों के लिए कठिन साबित हो रहा है।
लगातार प्रतिकूल मौसम के चलते केदारनाथ के लिए संचालित हेलीकॉप्टर सेवाएं बार-बार निरस्त की जा रही हैं। अब तक 5 हजार से अधिक हेली टिकट रद्द हो चुके हैं। कई ऐसे श्रद्धालु भी हैं जो हेलीकॉप्टर सेवा पर निर्भर थे, लेकिन टिकट रद्द होने के बाद बिना बाबा केदार के दर्शन किए ही वापस लौटने को मजबूर हो गए हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग और अस्वस्थ यात्री पैदल यात्रा करने में सक्षम नहीं होने के कारण परेशान हैं।
दूसरी ओर केदारनाथ पैदल मार्ग पर लगातार बारिश से फिसलन बढ़ गई है। यात्रा मार्ग के कई हिस्सों में पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। भूस्खलन की आशंका के चलते श्रद्धालुओं को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ रहा है।
बारिश का असर घोड़ा-खच्चर संचालन पर भी दिखाई दे रहा है। फिसलन के कारण कई स्थानों पर घोड़े और खच्चर फिसल रहे हैं, जिससे यात्रियों में भय का माहौल है। सुरक्षा कारणों से कई श्रद्धालु अब घोड़े-खच्चरों का उपयोग करने से भी बच रहे हैं।
मौसम की मार के बीच स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। केदारनाथ धाम में तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंचने के कारण हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ गया है। बारिश में भीगने और ठंडी हवाओं के कारण कई यात्री बीमार पड़ रहे हैं। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है और यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
खराब मौसम और बढ़ती चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है। प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा पर निकलें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।




