विकासनगर में स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, बिना सत्यापन काम कर रहीं 5 महिलाएं, सेंटर सील

विकासनगर | दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत शनिवार को विकासनगर में एक स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना सत्यापन के काम कर रहीं पांच महिलाओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए सेंटर को बंद करा दिया।
पुलिस की यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई। कोतवाली विकासनगर पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में संचालित हॉलीवुड स्पा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्पा सेंटर में पांच महिलाएं बिना पुलिस सत्यापन के कार्य करती हुई पाई गईं।
पुलिस ने सभी महिलाओं के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की। वहीं, बिना सत्यापन कर्मचारियों को कार्य पर रखने के आरोप में स्पा सेंटर संचालिका के खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान कर स्पा सेंटर को बंद कराया गया।
इसके अलावा, जिन भवन स्वामी ने संबंधित महिलाओं को बिना सत्यापन के किराए पर कमरा दिया था, उनके विरुद्ध भी धारा 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने और कर्मचारियों को कार्य पर रखने के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी प्रतिष्ठान संचालकों और भवन स्वामियों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।




