लक्सर में नकली पनीर बनाने वाली इकाई पर छापा, 90 किलो पनीर और 6 क्विंटल पामोलीन ऑयल नष्ट

लक्सर। नवरात्र और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभागीय टीम ने लक्सर क्षेत्र के संघीपुर गढ़ी गांव में पनीर बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारा। जांच के दौरान दूध के बजाय पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और केमिकल्स से एनालॉग पनीर बनाए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके से करीब 90 किलो तैयार पनीर और लगभग छह क्विंटल पामोलीन ऑयल बरामद कर नष्ट करा दिया। साथ ही इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि संघीपुर गढ़ी गांव में एक इकाई में पामोलीन ऑयल से नकली पनीर तैयार कर लक्सर, हरिद्वार और आसपास के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा है। इस पर एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी और फूड इंस्पेक्टर दिलीप जैन पुलिस टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे। छापेमारी के बाद 14 अक्टूबर की सुबह भी जांच की गई।
दूध की जगह पामोलीन ऑयल से बनाया जा रहा था पनीर
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान इकाई में बड़े-बड़े टबों में पनीर तैयार किया जा रहा था। टीम ने पाया कि पनीर बनाने में दूध के बजाय पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और केमिकल्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके से करीब 90 किलो तैयार पनीर और छह क्विंटल पामोलीन ऑयल बरामद किया गया, जिसे नष्ट करा दिया गया।
छापेमारी के दौरान इकाई में करीब दो क्विंटल क्षमता का बड़ा फ्राइंग टब, डीप फ्रीजर, पनीर जमाने के सांचे और अन्य उपकरण भी मिले। अधिकारियों के मुताबिक, वहां लगे उपकरण एक बार में करीब 26 क्विंटल पनीर तैयार करने की क्षमता वाले थे।
नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और पामोलीन ऑयल के नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इकाई संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों तक जिलेभर में छापेमारी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।




