LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, e-KYC की डेडलाइन 23 अगस्त तक बढ़ी

देहरादून। घरेलू LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। देहरादून जिले में अब भी करीब 1.59 लाख उपभोक्ताओं की e-KYC पूरी नहीं हुई है। भारत सरकार ने e-KYC कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है। तय समय तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू LPG आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू LPG कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने e-KYC पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की e-KYC अभी लंबित है। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 9,243 लाभार्थी भी शामिल हैं।
पहले e-KYC कराने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए अब इसकी समयसीमा बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी है।
उपभोक्ता तीन तरीकों से अपनी e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर e-KYC कराई जा सकती है। इसके अलावा गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाला डिलीवरी कर्मी मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए भी e-KYC कर सकता है। उपभोक्ता संबंधित तेल विपणन कंपनी के अधिकृत मोबाइल ऐप से खुद भी e-KYC पूरी कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द e-KYC करा लें, ताकि घरेलू LPG सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
प्रशासन के अनुसार, 23 अगस्त 2026 तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू LPG गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है और गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध होने की स्थिति बन सकती है। इसलिए जिन उपभोक्ताओं की e-KYC अभी बाकी है, वे जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें।




