SIR को लेकर कांग्रेस विधायक लामबंद, फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप; प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

हरिद्वार: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर हरिद्वार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के कई विधायक शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। विधायकों ने आरोप लगाया कि फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस विधायकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने की मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचने वालों में कांग्रेस विधायक ममता राकेश, काजी निजामुद्दीन, फुरकान अहमद, रवि बहादुर और वीरेंद्र जाती शामिल रहे। बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद भी उनके साथ मौजूद रहे।
एडीएम के साथ बैठक में रखीं शिकायतें
विधायकों ने एडीएम जितेंद्र कुमार के साथ बैठक कर SIR प्रक्रिया और फॉर्म-7 के जरिए दर्ज की जा रही आपत्तियों से जुड़ी शिकायतें रखीं। बैठक में आपत्तियों की जांच और मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि कई मामलों में एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम से शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि बीएलओ और पूर्व विधायक के परिवार के सदस्यों के खिलाफ भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
काजी निजामुद्दीन ने कहा कि ऐसी शिकायतें केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई विधानसभा क्षेत्रों से इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। हरिद्वार ग्रामीण से कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत की ओर से भी इसी तरह की शिकायतें उठाई गई हैं।
शिकायतों की होगी जांच: प्रशासन
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि विधायकों की ओर से SIR से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई है। फॉर्म-7 से संबंधित कई शिकायतें प्रशासन को प्राप्त हुई हैं और इनकी जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी तरह की कमी या अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
‘फर्जी शिकायतें मिलीं तो होगी कार्रवाई‘
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कुछ लोग जानबूझकर फर्जी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जांच में शिकायतें झूठी पाई जाती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एक व्यक्ति की ओर से बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इस मामले में चुनाव आयोग के संबंधित अधिकारियों को भी शिकायत दी गई है। नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे इस मामले को न्यायालय तक ले जाएंगे।
पहले भी उठा चुकी हैं अनुपमा रावत
गौरतलब है कि हरिद्वार ग्रामीण से कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने इससे पहले प्रेस वार्ता कर SIR प्रक्रिया में फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया था। उन्होंने सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों पर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा था कि इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी।
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और जांच में किसी तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



