उत्तराखण्ड

देहरादून में इंटरनेट पर हुई दोस्ती का खौफनाक अंत, B.Com छात्र ने 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हत्या

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में इंटरनेट के जरिए हुई दोस्ती एक सनसनीखेज हत्या में बदल गई। देवऋषि एन्क्लेव (देहराखास) में 20 वर्षीय बीकॉम छात्र ने कथित विवाद के बाद 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

 

कमरे में खून से लथपथ मिला शव

 

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम मृतक की बहन-बहू मीनाक्षी ने कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई पर किसी व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान के भूतल पर स्थित कमरे में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता नग्न अवस्था में छाती के बल मृत पड़े मिले। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और मृतक की गर्दन के पिछले हिस्से पर चाकू के कई गहरे घाव मिले।

 

मृतक की पहचान दीपक गुप्ता पुत्र गंगा सागर गुप्ता, निवासी देवऋषि एन्क्लेव, देहराखास के रूप में हुई। वह मूल रूप से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे और वर्ष 2004 से अपने भाई-बहनों के साथ देहरादून में रह रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब सात से आठ वर्ष पहले उनका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था।

 

मौके से गिरफ्तार हुआ आरोपी

 

घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस ने संदिग्ध रोहन प्रजापति (20 वर्ष), निवासी प्रधान वाली गली, माजरा, पटेलनगर को मौके से ही हिरासत में ले लिया। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 453/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

इंटरनेट से हुई थी पहचान

 

पूछताछ में आरोपी रोहन प्रजापति ने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी पहचान दीपक गुप्ता से इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। दीपक के बुलाने पर वह उनके घर गया था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने कमरे में रखा चाकू उठाकर दीपक पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

 

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही दोनों के बीच इंटरनेट के माध्यम से हुए संपर्क और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button