चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सीएम धामी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और बीच-बीच में यात्रा प्रभावित होने के बावजूद भक्तों की आस्था कम नहीं हुई है। इसी का परिणाम है कि केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है, जबकि चारों धामों में अब तक 26,86,259 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और यात्रा की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर चर्चा की गई।
यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार और अन्य धामों के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।
शनिवार को अकेले 24,066 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम में दर्शन किए, जिनमें 11 हजार से अधिक महिलाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही शनिवार शाम पांच बजे तक केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 10,00,497 पहुंच गई।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार रिकॉर्ड स्तर पर बनी हुई है। इससे पहले 23 मई को एक ही दिन में चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई थी। वहीं 24 मई को भी करीब 98 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इसके बाद भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
राज्य सरकार और प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने और पंजीकरण के बाद ही यात्रा पर निकलने की अपील की है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है, जिससे इस वर्ष यात्रा नए रिकॉर्ड स्थापित करती दिखाई दे रही है।




