रसोई के बढ़ते खर्च के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, एश्ले हॉल चौक पर पुतला दहन

देहरादून: देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, रसोई के बढ़ते खर्च और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में महानगर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में चीनी की पुड़िया से बनी माला पहनकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। वहीं, कुछ महिलाओं ने प्याज की माला पहनकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती कीमतों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने की मांग उठाई।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घर का बजट प्रभावित हो रहा है और आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा ने कहा कि चीनी की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन सरकार इसके बढ़ते दामों पर नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। इसी तरह सब्जियों, दालों और खाद्य तेल की कीमतों में भी इजाफा हो रहा है। बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी के लिए गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को कोई भी वस्तु सस्ती दर पर उपलब्ध नहीं हो रही है।
उर्मिला थापा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान जब किसी वस्तु के दाम एक या दो रुपये बढ़ते थे तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर बैठकर विरोध करते थे, लेकिन अब जब खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में 30 से 40 रुपये तक की वृद्धि हो रही है, तब सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है।




