19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा, लिफ्ट देने के बाद जबरदस्ती की कोशिश, विरोध पर लोहे के हुक से हमला

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर पुलिस ने काशीपुर में 20 अगस्त को हुई 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने डंपर से लिफ्ट ली थी। रास्ते में उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने लोहे के हुक से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों ने करीब 72 घंटे तक जांच की। इस दौरान घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों तक 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया गया। जांच में एक डंपर संदिग्ध मिला, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को काशीपुर के धनौती पट्टी क्षेत्र में रामनगर रोड के किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिला था। जांच के दौरान सामने आया कि घटना से पहले युवती चैती मैदान के आसपास थी। सुबह करीब 4:35 बजे उसने चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे कुछ देर बाद कैंसिल कर दिया गया।
इसके बाद तकनीकी जांच में डंपर संख्या UK15CA-1437 पुलिस के रडार पर आया। वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी, काशीपुर भी मौजूद था।
पुलिस के मुताबिक, चैती मैदान के पास युवती ने डंपर रुकवाकर लिफ्ट मांगी थी। कुछ दूरी आगे जाने के बाद राजू ने अपने साथी सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और खुद युवती के पास बैठ गया। आरोप है कि एकांत स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध के दौरान युवती ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही।
आरोप है कि इसी दौरान राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और डंपर लेकर क्रेशर की ओर चले गए।
पुलिस के अनुसार, युवती का मोबाइल डंपर में ही छूट गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल को सड़क पर रख दिया और उसे फ्लाइट मोड में कर दिया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, CDR और मोबाइल लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को अहम सुराग मिले।
23 अगस्त को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर डंपर से लोहे का हुक और युवती का बैग बरामद किया गया। बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय राजू और 19 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर को भी कब्जे में ले लिया है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।




