स्नातक स्तरीय परीक्षा से पहले आयोग का अलर्ट, अभ्यर्थियों को एक दिन पहले पहुंचने की दी सलाह

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपील जारी की है। आयोग ने मौसम विभाग की चेतावनियों, चारधाम यात्रा, नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव और सप्ताहांत में बढ़ने वाले पर्यटक दबाव को देखते हुए परीक्षार्थियों से समय रहते परीक्षा केंद्र पहुंचने और यात्रा की पूर्व तैयारी करने को कहा है।
आयोग के अनुसार 14 जून को राज्यभर में स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ समेत कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। ऐसे में सड़क मार्ग बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
आयोग ने कहा है कि मौसम के अलावा राज्य में चल रही धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के कारण भी कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। विशेष रूप से नैनीताल जिले में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव के चलते नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की संख्या अधिक रहने की संभावना है।
वहीं देहरादून, ऋषिकेश, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के चलते राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर लगातार वाहनों का दबाव बना हुआ है।
इसके अलावा 13 और 14 जून को सप्ताहांत होने के कारण देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, मसूरी सहित अन्य पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। आयोग का मानना है कि इन सभी परिस्थितियों का असर यातायात व्यवस्था पर पड़ सकता है।
इन्हीं संभावित चुनौतियों को देखते हुए आयोग ने दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से कम से कम एक दिन पहले परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंचने की सलाह दी है। साथ ही परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण करने की भी अपील की है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने।
आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी जिलों के पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबरों के माध्यम से परीक्षार्थी सड़क की स्थिति, मौसम, यातायात और अन्य आपात परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आयोग ने कहा है कि यदि किसी अभ्यर्थी को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़ता है तो वह संबंधित जिला प्रशासन या पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अभ्यर्थी मौसम, यातायात या परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण परीक्षा से वंचित न रह जाए।



