टिहरी में डंपर खाई में गिरा, चालक समेत दो लोगों की मौत

टिहरी : टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र में ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार डंपर माजफ से माल खाली कर वापस लौट रहा था। क्यारी गांव के ऊपर मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के बाद डंपर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के समय डंपर को सूरज राठौड़ (44), निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) चला रहे थे। उनके साथ गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36), निवासी ग्राम रौणिया, भी सवार थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




