उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में भारी बारिश का असर, टोंस नदी उफान पर; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। रविवार को भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने के कारण राज्यभर में 103 सड़कें बाधित रहीं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए सात जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। उनके अनुसार अगले 24 घंटे प्रदेश के कई जिलों के लिए संवेदनशील रहने वाले हैं।

 

देहरादून में स्कूल बंद

 

देहरादून में रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर स्कूल बंद होने को लेकर वायरल हुआ पूर्व आदेश फर्जी था और लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

 

सीएम धामी ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन समेत सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति बने, वहां तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी रखने और यात्रियों से मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

 

दून-मसूरी मार्ग पर भूस्खलन

 

लगातार बारिश के बीच दून-मसूरी मार्ग पर ग्लोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के पास दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारु कर दिया। एसडीएम राहुल आनंद ने लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button