उत्तराखण्ड

ऋषिकेश में जुटेंगे देशभर के मेयर, 60 मेयरों का होगा संगम, ऋषिकेश में होगी राष्ट्रीय स्तर की अहम बैठक

ऋषिकेश: ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक के लिए देशभर से मेहमानों का ऋषिकेश पहुंचना शुरू हो गया है। तीन और चार जून को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 60 मेयरों के शामिल होने की संभावना है। नगर निगम प्रशासन ने आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 

नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने बताया कि अब तक 46 मेयरों की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुल 60 मेयरों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक के मुख्य सत्र इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित एक होटल में आयोजित किए जाएंगे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ 3 जून को सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। पहले दिन बैठक के दो सत्र होटल में आयोजित होंगे, जबकि तीसरा सत्र त्रिवेणी घाट पर रखा गया है।

 

त्रिवेणी घाट में आयोजित विशेष सत्र के दौरान गंगा आरती के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण जागर और गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मेयरों के अलावा पार्षद, उनके परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल होंगे।

 

कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। वहीं, 4 जून को त्रिवेणी घाट पर सुबह के कार्यक्रमों के बाद होटल में समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।

 

नगर निगम प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पार्षदों को विशेष पास जारी किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से विभिन्न शहरों के मेयर शहरी विकास, स्वच्छता, नगर प्रबंधन और स्थानीय निकायों से जुड़े मुद्दों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button