चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुविधाएं हाईटेक, तीर्थयात्रियों की होगी रियल टाइम मॉनीटरिंग

चारधाम यात्रा अपडेट । चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने इस बार स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया है। यात्रा पर आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री के स्वास्थ्य की ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम मॉनीटरिंग की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि यात्रा के दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 177 एंबुलेंस का बेड़ा यात्रा मार्गों पर तैनात रहेगा। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस विशेष रूप से संचालित की जाएगी, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से किया जाएगा।
चिकित्सा सुविधाएं होंगी चाक-चौबंद
यात्रा मार्गों, मुख्य पड़ावों और चारों धामों में स्थायी व अस्थायी चिकित्सा इकाइयों में अनुभवी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मेडिकल रिलीफ पोस्ट और स्क्रीनिंग सेंटर
यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, खासकर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें आवश्यक उपचार भी दिया जाएगा।
विशेषज्ञ टीम रहेगी तैनात
यात्रा के दौरान 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल अधिकारी और 85 पैरामेडिकल स्टाफ 15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 100 स्वास्थ्य मित्रों की भी तैनाती की जाएगी, जो यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे।
सरकार का दावा है कि इन व्यवस्थाओं से इस वर्ष चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।




