देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर बदली यातायात व्यवस्था, आठ जून तक रहेगा डायवर्जन

देहरादून। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मानसून से पहले सुरक्षा कार्यों को देखते हुए डाटकाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अस्थायी रूप से बदल दी है। नई व्यवस्था शुक्रवार से लागू होकर आठ जून तक प्रभावी रहेगी।
एनएचएआई के अनुसार डाटकाली क्षेत्र में पहाड़ी ढलानों को सुरक्षित बनाने और भूस्खलन के खतरे को कम करने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसी कारण एक्सप्रेस-वे के करीब सवा किलोमीटर हिस्से में यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत देहरादून से सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को डाटकाली सुरंग पार करने के बाद पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर भेजा जाएगा। वाहन लगभग 1.3 किलोमीटर तक पुराने मार्ग से गुजरेंगे और उसके बाद दोबारा एक्सप्रेस-वे की दाईं लेन में शामिल हो सकेंगे।
वहीं सहारनपुर और दिल्ली की ओर से देहरादून आने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे की बाईं लेन से दाईं लेन पर स्थानांतरित किया जाएगा। करीब सवा किलोमीटर तक वाहन इसी लेन से गुजरेंगे और डाटकाली सुरंग से पहले फिर से बाईं लेन में लाया जाएगा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर चौबीस घंटे कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही दिशा-सूचक बोर्ड और सुरक्षा संकेतक भी लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्राधिकरण ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। विशेष रूप से रात और बारिश के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



