दून पुलिस के हत्थे चढ़ा 20 हजार का इनामी भूमाफिया, फौजियों से करता था करोड़ों की ठगी

देहरादून। दून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी पर पहाड़ के भोले-भाले लोगों, खासकर फौजियों और दूसरे राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को सस्ते दामों में जमीन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। आरोपी के खिलाफ देहरादून के अलग-अलग थानों में जमीन धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मामले में थाना रायपुर में 15 अक्टूबर 2025 को विकास लोक सहस्त्रधारा रोड अधोईवाला निवासी विक्रम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अभय कुमार, प्रदीप सकलानी और अजय सजवाण ने ग्राम सौंडा सरोली, परगना परवादून स्थित भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे अपने परिचितों की जमीन बताकर बेचने का सौदा किया और उनसे 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को जमीन बेचने के लिए अधिकृत बताते हुए एक फर्जी विक्रय अनुबंध तैयार किया था। बाद में पता चला कि जिन लोगों को जमीन का मालिक बताया गया, वे वास्तविक स्वामी नहीं थे और जमीन बेचने का कोई अधिकार आरोपियों को नहीं दिया गया था। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पीड़ित से 30 लाख रुपये बतौर बयाना ले लिए। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
मामला दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसएसपी के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना रायपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस को सूचना मिली कि प्रदीप सकलानी डालनवाला क्षेत्र के एकता विहार में एक संपत्ति को बेचने को लेकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 21 मई 2026 को एकता कॉलोनी डालनवाला से इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और देहरादून में अलग-अलग किराये के मकानों में रह रहा था। पुलिस के अनुसार प्रदीप सकलानी बेहद शातिर अपराधी है, जो खुद को पहाड़ी मूल का बताकर लोगों का भरोसा जीतता था। वह फौजियों और उत्तराखंड मूल के बाहर रहने वाले लोगों को सस्ते दामों में जमीन दिलाने का लालच देता और किसी अन्य की जमीन दिखाकर उसे अपनी या परिचित की बताकर मोटी रकम ऐंठ लेता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में जमीन धोखाधड़ी के 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्ज तीन अन्य मामलों में भी वह वांछित चल रहा था, जिनमें तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई थी। आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ पूर्व में नेहरू कॉलोनी और बसंत विहार थानों में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में 42 वर्षीय प्रदीप सकलानी निवासी पशुपति हाईट्स बंजारावाला और अजय सजवाण निवासी ग्राम औली रायपुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ राज्य के विभिन्न न्यायालयों में एनआई एक्ट के दो दर्जन से अधिक मामले भी लंबित हैं।




