उत्तराखण्डदेहरादून

प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

देहरादून: 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के देहरादून भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वित रहने के निर्देश दिए।

जोनल मजिस्ट्रेटों को दिए विशेष निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने अधीन सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति भली-भांति ब्रीफ करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। सभी अधिकारियों को पुनः स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल सहित संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल के अनुरूप हों।

मुख्य मंच और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। डाइस प्लान, एनएचएआई के माध्यम से एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण, एंकरिंग, साउंड सिस्टम, एलईडी और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य मंच के निकट ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन एवं अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पंडाल में अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को उच्चतम स्तर पर रखते हुए पर्याप्त एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

भ्रमण मार्ग और सुरक्षा इंतजाम

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम दिवस पर सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर स्वागत कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, सुगमता और शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जोलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने पूरे मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसपी लोक जीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम सदर हरिगिरि, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा सहित विभिन्न जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button