उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा में गैस सिलिंडर वितरण की नई व्यवस्था लागू, सूची में नाम वालों को ही मिलेगा सिलिंडर

अल्मोड़ा। जनपद में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति और व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब वितरण केंद्रों पर प्रदर्शित सूची में जिन उपभोक्ताओं का नाम होगा, उन्हें ही क्रमवार गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रत्येक वितरण केंद्र के लिए उपभोक्ताओं की सूची और रोस्टर तैयार किया गया है। इसके तहत प्रतिदिन निर्धारित केंद्रों पर तय संख्या में गैस वितरण किया जाएगा। संबंधित केंद्रों पर एक दिन पहले ही उपभोक्ताओं की सूची चस्पा कर दी जाएगी, ताकि लोग अपने क्रम के अनुसार गैस प्राप्त कर सकें और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।

अगले दिन प्राथमिकता का प्रावधान

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सूची में नाम होने के बावजूद किसी उपभोक्ता को सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो उसे अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर गैस दी जाएगी। साथ ही, गैस बुकिंग के 10 दिन बाद ही सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की गई है, ताकि वितरण प्रक्रिया में संतुलन बना रहे।

मोबाइल नंबर अपडेट कराने की अपील

डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) प्राप्त न होने की स्थिति में उपभोक्ताओं से अपनी संबंधित गैस एजेंसी में मोबाइल नंबर और पता अपडेट कराने को कहा गया है, जिससे वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

अव्यवस्था फैलाने पर होगी कार्रवाई

जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी है कि वितरण केंद्रों पर अव्यवस्था या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि गैस वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button