उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, सतर्क रहने की सलाह

उत्तराखंड मासूम अपडेट । उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 19 और 20 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में जहां बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, वहीं मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 मार्च को राज्य के ज्यादातर पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
20 मार्च को मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथोरागढ़ जिलों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार अन्य पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश का दौर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च से Rajasthan में सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के कई हिस्सों को प्रभावित करेगा। इसका असर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक देखने को मिल सकता है, जहां तेज हवाएं और बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
इधर हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड फिर बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम अपडेट देखते हुए ही सफर करने की चेतावनी दी गई है।




