दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले सख्ती, 600 समर्थक हिरासत में लेने का दावा; ध्रुव राठी को भी पुलिस ले गई

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे करीब 600 समर्थकों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में 38 हजार से ज्यादा दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस की सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, कुछ सड़कों पर कीलें भी लगाई गई हैं। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की होने की भी जानकारी सामने आई है।
दिल्ली से सटे सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा समेत कई जगहों पर वाहनों की जांच की जा रही है। इसके चलते कुछ इलाकों में जाम की स्थिति बन रही है। उधर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के भी दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई है।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने ज्ञानेश कुमार पर कथित तौर पर ‘वोट चोरी’ में भूमिका निभाने का आरोप लगाया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है और पुलिस जंतर-मंतर समेत आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों की आवाजाही पर नजर बनाए हुए है।




