Crime Newsउत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, कट्टे में शव भर जंगल में फेंका,पति निकला हत्यारा, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस में महिला के पहले पति को ही हत्यारा पाया गया, जिसने गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंक दिया था।

11 मार्च को मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में बरामद हुआ था। शव 4-5 दिन पुराना था और चेहरा खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।

5000 लोगों से पूछताछ, 2500 CCTV खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 टीमों का गठन किया। करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में अभियान चलाकर 5000 से ज्यादा लोगों का सत्यापन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में एक मजदूर के बारे में जानकारी मिली, जिसकी पत्नी अचानक लापता थी। संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

विवाद बना हत्या की वजह

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रंजीत शर्मा की पहली पत्नी रूपा, जो पहले उसे छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी, एक साल पहले फिर संपर्क में आई। फरवरी 2026 में वह अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ देहरादून आई और आरोपी पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी।

5 मार्च की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी।

चार दिन कमरे में छिपाया शव

हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में भरकर अपने कमरे में छिपा दिया और चार दिन तक मौके का इंतजार करता रहा। 8 मार्च को उसने शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।

पुलिस की मेहनत लाई रंग

महिला की पहचान न होने के बावजूद पुलिस ने खुद वादी बनकर जांच जारी रखी। अंततः 5000 लोगों के सत्यापन और गहन जांच के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी और मृतका:

आरोपी: रंजीत शर्मा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार (वर्तमान: भाटोवाला, देहरादून)

मृतका: रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार

पुलिस टीम को इनाम

इस मामले का खुलासा करने वाली टीम को आईजी गढ़वाल द्वारा ₹5000 और एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button