देहरादून में नशे के नेटवर्क पर शिकंजा, छह कथित पैडलर गिरफ्तार; 44.61 ग्राम MDMA बरामद

देहरादून: एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और राजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छह कथित ड्रग्स पैडलरों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू से जुड़े हैं। आरोपितों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद हुई है। पुलिस ने बरामद MDMA की कीमत लाखों रुपये बताई है।
पुलिस के मुताबिक, नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 सितंबर की रात राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाही रिजॉर्ट के पास एक कार में सवार चार युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 27.12 ग्राम MDMA बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 17.49 ग्राम MDMA बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। सभी आरोपितों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
कॉलेज छात्रों को ऊंचे दाम पर बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी छह आरोपित देहरादून के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं और देहरादून समेत अन्य राज्यों के शिक्षण संस्थानों से तकनीकी शिक्षा के कोर्स कर रहे थे। पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते हैं।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धू या उसके एजेंट देहरादून आकर उन्हें MDMA उपलब्ध कराते थे। कुछ मौकों पर आरोपित खुद दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी सिद्धू से ड्रग्स लेकर देहरादून आते थे। इसके बाद MDMA को खासतौर पर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों में बेचने का आरोप है।
महंगे शौक के लिए तस्करी में शामिल होने का दावा
एसपी सिटी देहरादून शेखर सुयाल के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपित अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वे कथित तौर पर नशा तस्करी में शामिल हुए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 21 वर्षीय वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत, चिराग रस्तोगी, अभिषेक थापा और वैभव ममगांई के रूप में की है। सभी आरोपित देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ के आधार पर MDMA की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।



