हरिद्वार में GST की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मेयर से जुड़े होटल में छापेमारी

हरिद्वार। पूर्व मेयर अनीता शर्मा के हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल अशोका पर मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम होटल में दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है। होटल का संचालन अनीता शर्मा के पति अशोक शर्मा द्वारा किया जाता है।
जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग की टीम मंगलवार को होटल पहुंची और कार्रवाई शुरू की। टीम होटल से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड को खंगाल रही है। इस दौरान होटल में मौजूद कर्मचारियों और संचालकों से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है।
जीएसटी विभाग की कार्रवाई के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान अशोक शर्मा भी होटल में मौजूद हैं। अशोक शर्मा कांग्रेस में सक्रिय हैं और आगामी विधानसभा चुनाव के दावेदारों में उनका नाम चर्चा में रहा है। होटल में जीएसटी विभाग की जांच फिलहाल जारी है।



