उत्तराखण्ड

221 फीट लंबे तिरंगे के साथ कांवड़ यात्रा पर निकले 26 शिवभक्त, देंगे राष्ट्रभक्ति का संदेश

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त अपनी अनोखी कांवड़ों के जरिए आस्था के साथ सामाजिक और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के बागपत से आए 26 कांवड़ियों का दल 221 फीट लंबे और करीब 11 फीट ऊंचे तिरंगे के साथ पैदल यात्रा कर रहा है, जो श्रद्धालुओं और राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

 

तिरंगे के साथ बागपत तक पैदल यात्रा

 

कांवड़ियों का दल रविवार को हरिद्वार से गंगाजल भरकर बागपत के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना नहीं, बल्कि शहीदों के सम्मान और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना भी है। 11 अगस्त को यह दल अपने क्षेत्र के शिवालय में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेगा।

 

शहीदों को समर्पित है तिरंगा कांवड़

 

दल के सदस्य हरेंद्र कुमार ने बताया कि 221 फीट लंबा तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देने और युवाओं में देशप्रेम की भावना जगाने के उद्देश्य से इस विशेष तिरंगा कांवड़ को तैयार किया गया है।

 

राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर निकले श्रद्धालु

 

कांवड़िए ईश्वर तोमर ने कहा कि तिरंगा भारत की पहचान और गौरव का प्रतीक है। उनका उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशप्रेम का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली तिरंगा कांवड़ यात्रा है। इससे पहले वे सामान्य कांवड़ लेकर जलाभिषेक कर चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने राष्ट्रभक्ति की थीम को चुना है।

 

भजन-कीर्तन के साथ जारी है यात्रा

 

26 श्रद्धालुओं का यह दल भजन-कीर्तन, नृत्य और जयघोष के साथ पैदल यात्रा कर रहा है। हरिद्वार से लेकर यात्रा मार्ग तक यह अनोखी तिरंगा कांवड़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। श्रद्धालु इसे देखकर फोटो और वीडियो भी बना रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button