उत्तराखण्ड

प्रिंसिपल को मारने की सुपारी का दावा, बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया

विकासनगर: बरोटीवाला के जमनीपुर रोड स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर में बने एक घर में तड़के बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और अलमारी में रखी नकदी व करीब 90 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में बने घर में गोपाल सिंह राठौर अपनी पत्नी नीलम राठौर और बेटे के साथ रहते हैं। नीलम राठौर के मुताबिक, तड़के करीब 3:15 बजे दो लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर कमरे में दाखिल हुए। उनके आने का एहसास होने पर जब उन्होंने बदमाशों से पूछा कि वे कौन हैं, तो आरोप है कि दोनों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी।

नीलम राठौर के अनुसार, बदमाशों ने उनसे स्कूल के प्रिंसिपल के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल विकासनगर में रहते हैं और वह परिवार के साथ स्कूल की देखभाल के लिए यहां रहती हैं। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने कहा कि उन्हें प्रिंसिपल को मारने की सुपारी मिली है और यदि उन्होंने शोर मचाया तो उन्हें भी मार दिया जाएगा।

अलमारी से नकदी और जेवर ले जाने का आरोप

नीलम राठौर का आरोप है कि बदमाशों ने इसके बाद घर की अलमारियां खोलीं और उसमें रखी नकदी तथा करीब 90 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने परिवार के तीनों सदस्यों के हाथ बांध दिए और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया।

नीलम ने किसी तरह कमरे की खिड़की खोली और पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर गेट खोला और पुलिस को सूचना दी।

तीन बदमाशों के आने की बात

पीड़िता के अनुसार, कुल तीन बदमाश घर में आए थे। इनमें से दो कमरे के अंदर घुसे, जबकि एक बाहर खड़ा था। नीलम के मुताबिक, एक बदमाश के हाथ में मोटा डंडा था और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी। आरोप है कि लोहे की रॉड से उनके पति के साथ मारपीट की गई।

पुलिस टीम करीब 4:20 बजे मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था, जिसने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button