यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित, जानिए श्रद्धालुओं कब कर सकते हैं दर्शन

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के प्रथम धाम यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त घोषित कर दिया गया है। मंगलवार को यमुना जयंती के पावन अवसर पर मंदिर समिति के तीर्थपुरोहितों ने पंचांग गणना के बाद तिथि और समय निर्धारित किया।
अक्षय तृतीया पर खुलेंगे कपाट
निर्धारित मुहूर्त के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर कृतिका नक्षत्र, कर्क लग्न और आयुष्मान योग में मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
खरसाली से रवाना होगी डोली
यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल के अनुसार, मां यमुना की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से सुबह 8:45 बजे यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
शनि देवता की डोली भी रहेगी साथ
इस दौरान मां यमुना के भाई शनि देव की डोली भी साथ चलेगी, जो परंपरा के अनुसार धाम तक साथ रहती है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा शुभारंभ
मंदिर के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले जाएंगे। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी और पुजारीगण उपस्थित रहेंगे।




