उत्तराखण्ड

हरिद्वार में आंधी-तूफान का कहर: रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, रेल यातायात प्रभावित

हरिद्वार: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने हरिद्वार में व्यापक नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बड़े हादसे में जनहानि नहीं हुई।

 

सबसे गंभीर घटना हरिद्वार-देहरादून रेलमार्ग पर मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ गिरने से ओवरहेड बिजली तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया। घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इसके बावजूद देहरादून और हरिद्वार के बीच संचालित कई ट्रेनें प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे ट्रैक से पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त विद्युत तारों की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।

 

वहीं, हरकी पैड़ी के समीप स्थित बाजार क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते एक होटल के शीशे टूटकर सड़क पर गिर गए। इस दौरान नीचे से गुजर रहा एक यात्री शीशों की चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल भिजवाया।

 

हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है, जो यात्रियों को सतर्क रहने के लिए जागरूक भी कर रहे हैं।

 

उधर, शहर की राज विहार फेज-2 कॉलोनी में भी तूफान का असर देखने को मिला। डिवाइन लाइट स्कूल के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से दो विद्युत पोल टूट गए। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करने में जुटी रहीं।

 

मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button