उत्तराखण्ड

चकराता में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में युवक गिरफ्तार, इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती

चकराता: चकराता क्षेत्र में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक विवाहिता महिला को प्रेमजाल में फंसाने और धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

कोतवाल चकराता बीएल भारती ने बताया कि शुक्रवार देर शाम स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को क्यावा गांव स्थित एक छानी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान फरमान पुत्र इरफान निवासी धर्मपुर सरावगी गांव, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसकी उम्र 27 वर्ष बताई गई है।

फर्जी आईडी बनाकर की दोस्ती

पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी से आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर दोस्ती की थी। बाद में उसने अपना असली नाम फरमान बताया। आरोप है कि युवक ने महिला को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया और उसका धर्म परिवर्तन करा दिया।

कमरे में मिला आरोपी, रोशनदान से भागने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक 21 मई को उसकी पत्नी मायके आई हुई थी। जब वह वहां पहुंचा तो उसने आरोपी युवक को कमरे के अंदर पत्नी के साथ देखा। दरवाजा खटखटाने पर आरोपी कथित रूप से रोशनदान के रास्ते भागकर गोशाला में छिप गया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपी ने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि गांव के सार्वजनिक स्थान पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

देवबंद कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी खुद को देवबंद और विकासनगर से जुड़े कुछ लोगों का करीबी बताकर धमकियां देता था। शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि आरोपी पहले भी कई लड़कियों को फंसाकर उनकी फोटो और वीडियो अन्य लोगों को भेज चुका है।

पुलिस अब आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके कथित नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही देवबंद कनेक्शन को लेकर भी जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button