उत्तराखण्ड

सिल्क्यारा टनल में फिर हादसा, कंक्रीट ब्लॉक गिरने से 21 वर्षीय मजदूर की मौत

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले स्थित निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बुधवार-गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल की कंक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए 21 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परियोजना स्थल पर हड़कंप मच गया।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रभारी शार्दूल गुसांई ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे सिल्क्यारा टनल के बड़कोट छोर से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टनल की कंक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया, जिससे झारखंड निवासी 21 वर्षीय मजदूर उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

गौरतलब है कि इसी सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग में 12 नवंबर 2023 को बड़ा हादसा हुआ था, जब सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 मजदूर भीतर फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले देश के सबसे चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियानों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, बीआरओ और एनएचआईडीसीएल समेत कई एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाया था।

बचाव अभियान के दौरान अमेरिकी ऑगर मशीन के साथ-साथ ‘रैट-होल माइनर्स’ की मदद भी ली गई थी। अंततः 28 नवंबर 2023 को सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस सफल अभियान की देश-विदेश में सराहना हुई थी और इसे भारत के सबसे कठिन रेस्क्यू अभियानों में गिना जाता है।

ताजा हादसे के बाद एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंगों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button