उत्तराखण्ड

कालसी में आग से बड़ा नुकसान, दो मंजिला मकान और 12 मवेशी आग की भेंट

विकासनगर: देहरादून जिले की कालसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेड़ा में देर रात भीषण आग लगने से एक दो मंजिला आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में भवन के भीतर बंधे 12 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये की संपत्ति और पशुओं का चारा भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

 

आग में जलकर राख हुआ मकान

 

जानकारी के अनुसार, मसोटी खेड़ा निवासी भोपालू पुत्र काडिया का दो मंजिला आवासीय भवन (छानी) गांव में स्थित है। रोज की तरह वह पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने गांव पजोटा लौट गए थे। देर रात अचानक भवन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

 

12 मवेशियों की दर्दनाक मौत

 

ग्रामीणों ने आग बुझाने और पशुओं को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण केवल दो बैल और दो बकरियों को ही सुरक्षित निकाला जा सका। हादसे में 8 बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा जिंदा जल गए। भवन के भीतर रखा घरेलू सामान और पशुओं के लिए रखा चारा भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

 

सरकारी सहायता की मांग

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा राणा ने राजस्व विभाग को अवगत कराया। पूर्व बीडीसी सदस्य एवं भाजपा नेता कांति राणा ने पीड़ित परिवार के लिए तत्काल राहत राशि देने की मांग करते हुए एसडीएम कालसी और जिला प्रशासन से सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। घटना की जानकारी जिलाधिकारी को भी भेज दी गई है।

 

प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

 

तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के पटवारी को तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार राहत सहायता की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button