उधम सिंह नगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, सौतेले पिता पर बेटी से दुष्कर्म का आरोप

सितारगंज (उधम सिंह नगर): उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने ही सौतेले पिता पर दुष्कर्म और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां की मौत के बाद बदली नियत
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2010 में उसके पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी। परिवार बाद में सितारगंज के एक गांव में रहने लगा। वर्ष 2019 में मां की मौत के बाद आरोपी सौतेले पिता की नीयत बदल गई और उसने युवती पर गलत नजर रखनी शुरू कर दी।
दुष्कर्म और वीडियो बनाकर दी धमकी
आरोप है कि सौतेले पिता ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और नहाते समय उसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया-धमकाया और लंबे समय तक मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
शादी के बाद भी नहीं रुका उत्पीड़न
पीड़िता ने वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश निवासी युवक से विवाह कर लिया, लेकिन आरोप है कि सौतेले पिता ने उसके ससुराल में फोन कर उसे वापस बुलाया और वहां भी उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने इसकी जानकारी अपने पति को दी।
पति की मौत के बाद फिर बढ़ी प्रताड़ना
पीड़िता के अनुसार, 11 जनवरी को उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने फिर से उसके साथ अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न शुरू कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।




