उत्तराखण्ड

शुद्धिकरण हवन विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, मंगलौर में जनसभा कर भाजपा को घेरा

रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे के बाद भाजपा की ओर से कथित शुद्धिकरण हवन कराए जाने को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार जारी है। अब यह मुद्दा मंगलौर में भी सियासी रूप से गरमा गया है। रविवार को कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन के नेतृत्व में दलित समाज के लोगों की बड़ी जनसभा आयोजित की गई, जिसमें भाजपा पर जमकर निशाना साधा गया।

जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कथित शुद्धिकरण हवन की घटना सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली है। इस दौरान कई लोगों के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का दावा भी किया गया।

मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने भाजपा पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में भी छुआछूत जैसे मामलों का सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज ऐसी घटनाओं को स्वीकार नहीं करेगा।

वहीं, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर दलित और मुस्लिम समाज के लोगों को परेशान किया जा रहा है।

जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सामाजिक मुद्दों और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी। जनसभा के जरिए कांग्रेस ने मंगलौर क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button