Crime Newsउत्तराखण्डक्राइमदेहरादून

देहरादून में फिर से गोलीकांड, राजपुर में फायरिंग के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत

देहरादून: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सनसनीखेज गोलीकांड की घटना सामने आई, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो गाड़ियों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हुई, जिसकी चपेट में आकर ब्रिगेडियर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह 6:50 बजे कंट्रोल रूम को मिली सूचना

राजपुर थाना से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी और राजपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

मसूरी रोड पर हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो N में सवार लोगों के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की।

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पेड़ से टकराई फॉर्च्यूनर, मारपीट भी हुई

फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

जिलेभर में नाकेबंदी, CCTV खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button