उत्तराखण्ड

निर्जला एकादशी स्नान: हर की पैड़ी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही हर की पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

 

प्रशासन द्वारा पूरे मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है तथा शाम की गंगा आरती तक लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है।

 

धार्मिक मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है। इस दिन गंगा स्नान, व्रत और दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है। धार्मिक विद्वानों के अनुसार निर्जला एकादशी का व्रत करने से वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत के समान पुण्यफल प्राप्त होता है। श्रद्धालु गंगा स्नान के साथ जल, अन्न और अन्य वस्तुओं का दान कर भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना कर रहे हैं।

 

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना कर रहे हैं।

 

भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। साथ ही दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर करीब 75 लाख श्रद्धालुओं ने हरिद्वार में गंगा स्नान किया था। इसी को देखते हुए निर्जला एकादशी पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button