उत्तराखण्ड

स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के बीच 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बीच चेन लूट की घटना सामने आने से पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। बसंत विहार थाना क्षेत्र के वसंत विहार फेज-2 में एक्टिवा सवार बदमाश ने बातचीत के बहाने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को रोका और मौका मिलते ही उसके गले से चेन झपटकर फरार हो गया। चेन लूटने के दौरान हुई धक्का-मुक्की में महिला सड़क पर गिर गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला शाम के समय लाठी के सहारे टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। महिला को देखने के बाद आरोपी कुछ दूर चला गया और फिर वापस लौटकर उनके पास एक्टिवा रोक दी। आरोपी ने महिला से बातचीत शुरू की।

महिला जब उससे बात कर रही थीं, तभी युवक ने अचानक उनके गले से चेन झपट ली। चेन छीनने के दौरान हुई जोर-जबरदस्ती में महिला सड़क पर गिर गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा से मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के बेटे ने बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर देहरादून में पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। ऐसे में वसंत विहार फेज-2 जैसे क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन लूट की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। टीमें घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा और आरोपी के हुलिए के आधार पर भी उसकी तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button