कोतवाली के पास से 12 साल की बच्ची का अपहरण, दो युवकों ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली से सिर्फ 200 मीटर की दूरी से एक 12 साल की नाबालिग का अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि दो अलग-अलग युवकों ने डेढ़ दिन तक बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने पीड़िता को शक्ति फार्म से बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार सुबह दर्ज हुई थी गुमशुदगी
कोतवाली क्षेत्र की एक महिला बुधवार सुबह कोतवाली पहुंची। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात बड़ी बहन से झगड़े के बाद उनकी बेटी घर से नाराज होकर निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की।
सीसीटीवी चेक करने पर पुलिस को बच्ची दो युवकों के साथ नजर आई। इनकी पहचान विक्रम सिंह निवासी कुसुमखेड़ा उम्र 29 साल और सौरभ बिष्ट निवासी त्रिलोकपुर गौलापार उम्र 21 साल के रूप में हुई।
खुद फोन कर बताई लोकेशन
तलाश जारी थी कि बृहस्पतिवार दोपहर पीड़िता ने परिजनों को फोन किया और अपनी लोकेशन शक्ति फार्म की बताई। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही दोनों आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने कबूला जुर्म
पूछताछ में विक्रम सिंह ने बताया कि उसने बच्ची को बर्फ वाली गली से अपनी कार में बैठाया और अपने स्टूडियो ले गया। वहां रात में उसके साथ दुष्कर्म किया और सुबह उसे दोबारा बर्फ वाली गली में छोड़ दिया।
इसके बाद बच्ची डीके पार्क पहुंची। वहां उसकी मुलाकात सौरभ बिष्ट से हुई। सौरभ उसे बहलाकर शक्ति फार्म ले गया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया।
दोनों पर पोक्सो एक्ट के तहत केस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1), 115(2), 352 और पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विक्रम द्वारा इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर सीज कर दिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उठ रहे सवाल
इस घटना ने पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद 12 घंटे तक पुलिस सीसीटीवी खंगालती रही। अगर पीड़िता खुद फोन कर लोकेशन नहीं बताती तो कब तक बरामदगी होती, यह बड़ा सवाल है।
गिरफ्तार आरोपी
1. विक्रम सिंह पुत्र खुशाल सिंह, निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल, उम्र 29 वर्ष
2. सौरभ बिष्ट पुत्र उमेद सिंह बिष्ट, निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, काठगोदाम, नैनीताल, उम्र 21 वर्ष




